Just for Testing
उत्तराखंडराज्य

धामी सरकार के चार साल: पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- विकास और सुशासन की नई पहचान बना उत्तराखंड

धामी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, उत्तराखंड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड विकास व सुशासन की नई पहचान बना है।

प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस व समृद्ध परंपराओं की भूमि रही है। यहां की विविध भाषा, बोलियां, लोक परंपराएं और सरल जीवनशैली प्रदेश को विशिष्ट पहचान देती हैं। जब से केंद्र में हमारी सरकार बनी है, तब से उत्तराखंड विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के माध्यम से प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने प्रदेश के सीमांत क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने और शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित करने के प्रयासों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि इन पहलों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिला है, बल्कि पलायन रोकने व स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी मदद मिली है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप को बढ़ावा तथा डिजिटल और हरित विकास जैसे प्रयासों को सराहा। साथ ही आपदा प्रबंधन की सुदृढ़ व्यवस्था व सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को राज्य की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।

प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भूमिका और मजबूत होगी।आत्मनिर्भर, समृद्ध और सुदृढ़ उत्तराखंड के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अहम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

 

Related Articles

Back to top button