Just for Testing
उत्तराखंडराज्य

Uttarakhand News: निकाय कर्मचारियों के आभार रैली में शामिल हुए CM धामी, कहा– विकास में उनकी भूमिका अहम…..

 उत्तराखंड : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखण्ड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की ओर से आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया. उन्होंने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त किए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है. निकाय कर्मियों के अथक प्रयासों से ही शहरों और कस्बों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं. उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और सेवा भाव को सराहते हुए इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, यहां नगर निकायों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, विशेषकर चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे आयोजनों के दौरान. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और चरणबद्ध तरीके से सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निकाय कर्मचारियों एवं पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय बढ़ाकर 500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय, वर्दी एवं स्नोबूट के लिए 2,500 की सहायता, स्वास्थ्य और कल्याण योजनाओं के लिए वित्तीय प्रावधान, 5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, ईपीएफ और ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के लिए निर्देश, संविदा कर्मचारियों का वेतन 7,500 से बढ़ाकर 15,000 करने के साथ ही कई और निर्णय लिए गए हैं.

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं. राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को गति दे रही है. सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनके सुरक्षा और कल्याण के लिए ‘नमस्ते योजना’ तथा ‘आयुष्मान भारत योजना’ जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं.

Related Articles

Back to top button