Just for Testing
उत्तराखंडराज्य

देहरादून में सीएम धामी बोले- विकसित भारत की आधारशिला है उच्च शिक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उच्च शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और कौशल विकास के क्षेत्र में हुए बदलाव भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

शनिवार को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “विकसित भारत 2047 के निर्माण में उच्च शिक्षा का महत्त्व” विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भारतीय शिक्षा प्रणाली के गौरवशाली अतीत को पुनर्स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को केवल शिक्षण केंद्र नहीं, बल्कि ज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के उत्कृष्ट केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व का प्रमुख स्टार्टअप हब बन रहा है और डिजिटल इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने विकास यात्रा को नई गति दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड शिक्षा, ज्ञान और अध्यात्म की समृद्ध परंपरा का केंद्र रहा है। राज्य सरकार शिक्षा में नवाचार, डिजिटल लर्निंग और भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी और ऑनलाइन शिक्षण सुविधाओं के विस्तार के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस जैसे आधुनिक विषयों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दून विश्वविद्यालय में स्थापित सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन और अनुसंधान को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को भविष्य के अनुरूप कौशल, नवाचार और नेतृत्व क्षमता से युक्त बनाना आवश्यक है।

इसके लिए राज्य सरकार उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय बढ़ाने, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री-लिंक्ड पाठ्यक्रमों तथा स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन सेंटरों को प्रोत्साहित कर रही है

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाना है।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राज्यसभा सदस्य एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अध्यक्ष सुनील कुमार, उपाध्यक्ष अजय कुमार सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद और विशेषज्ञ उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button